असम में 40 लाख लोगों का नाम सिटीजन रजिस्टर के फाइनल ड्राफ्ट में नहीं होने पर संसद में बुधवार को फिर हंगामा हो सकता है। कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने इस मुद्दे पर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।
ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी में 17 जुलाई को दो इमारतें गिरने से नौ लोगों की मौत हुई थी। नोएडा प्राधिकरण ने इससे सबक लेते हुए शहर के अलग-अलग इलाकों में सर्वे कराया और कमजोर इमारतों की पहचान की है। 96 इमारतों को असुरक्षित पाया गया है और उनके मालिकों को नोटिस भेजा गया है।
लंग कैंसर के लिए आमतौर पर धूम्रपान को जिम्मेदार ठहराया जाता है। लेकिन हाल ही आई सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक धूम्रपान नहीं करने वालों में भी यह बीमारी होने का उतना ही खतरा रहता है, जितना धूम्रपान करने वालों में। यह सर्वे सर गंगा राम अस्पताल के चेस्ट मेडिसिन और चेस्ट सर्जरी डिपार्टमेंट की ओर से किया गया। पिछले छह साल में लंग कैंसर के 150 मरीजों पर हुए सर्वे में पाया गया कि इनमें से 74 लोग धूम्रपान करते थे, जबकि 76 लोग धूम्रपान नहीं करते थे।
बेंगलुरु से पटना जा रही इंडिगो फ्लाइट में मंगलवार को सांस की तकलीफ के चलते चार महीने के बच्चे की मौत हो गई। एयरलाइंस के मुताबिक, बच्चे की परेशानी का पता चलते ही फ्लाइट क्रू ने तुरंत विमान में मौजूद डॉक्टर की मदद ली। साथ ही उसे बचाने के लिए विमान को हैदराबाद डायवर्ट कराया गया। एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद बच्चे को स्टाफ के एक सदस्य के साथ अस्पताल भी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कनाडा के क्यूबेक शहर में अप्रैल 2018 तक 547 चर्च में प्रार्थना बंद हो गई। इनमें अब थियेटर, जिम और होटल खुल गए हैं। दरअसल यहां कैथोलिक कनाडाइयों की तादाद तेजी से कम हुई है। 1950 के दशक में इनकी आबादी 95% थी जो अब घटकर 5% हो गई है। ऐसे में चर्च जाने वालों की संख्या में खासी गिरावट आई है।
फेसबुक ने नवंबर में होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के मद्देनजर अपने प्लेटफॉर्म से मंगलवार देर रात 32 संदिग्ध अकाउंट्स और पेज को हटा दिया है। फेसबुक को संदेह है कि ये अकाउंट रूस के एक हैकर समूह ‘इंटरनेट रिसर्च एजेंसी’ (आईआरए) से जुड़े हो सकते हैं और ये इन चुनावों पर असर डाल सकते हैं। फेसबुक ने अपने ब्लॉग पर लिखा कि उसने ऐसे 17 फेसबुक और 7 इंस्टाग्राम अकाउंट्स का पता लगाया है, जो संदिग्ध गतिविधियों में शामिल दिखे। इनके जरिए अमेरिकी चुनाव से जुड़े 9500 से ज्यादा पोस्ट किए गए थे। इंस्टाग्राम पर भी ऐसा ही कंटेंट डाला गया था। यहां तक की एक अकाउंट से तो करीब 2 लाख 90 हजार फॉलोअर्स जुड़े थे। रूस पर 2016 के राष्ट्रपति चुनाव प्रभावित करने का आरोप है। अमेरिका का कहना है कि रूस ने फेसबुक पर फर्जी अकाउंट्स के जरिए चुनाव को प्रभावित किया था।
इंग्लैंड में 12 साल के एक ऐसे बच्चे ने ‘आई कैन राइट’ नाम की किताब लिख दी जो न तो बोल पाता है और न ही उसके हाथ काम करते हैं। यह किताब उसने आंखों के इशारों से लिखी है। वह जन्म से गंभीर सेरेब्रल पाल्सी बीमारी से पीड़ित है। हर वक्त व्हीलचेयर पर रहता है और अपने शरीर को हिला भी नहीं पाता है।
भारत बुधवार से यहां एडबस्टन क्रिकेट ग्राउंड में इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट की सीरीज का पहला मैच खेलेगा। मैच से पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली के प्रदर्शन को लेकर बहुत चर्चा हुई। सभी ने 4 साल पहले इंग्लैंड दौरे में किए गए प्रदर्शन से उनकी तुलना की। हालांकि आंकड़े गवाह हैं कि वे इंग्लैंड टीम के अपने समकक्ष जो रूट से ज्यादा सफल कप्तान हैं। विराट ने 35 टेस्ट में कप्तानी की है। इनमें से भारत ने 21 जीते, जबकि 9 ड्रॉ खेले। रूट ने 16 मैच में कप्तानी की। इनमें से उनके खाते में 6 जीत आई, जबकि 8 टेस्ट में हार का मुंह देखना पड़ा।
मैक्सिको के दूरंगो शहर में खराब मौसम की वजह से मंगलवार रात एयरोमैक्सिको का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में किसी के मारे जाने की खबर नहीं है। 85 पैसेंजर जख्मी हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, इसमें क्रू समेत 101 यात्री सवार थे। फ्लाइट एएम 2431 दूरंगो ग्वादालूपे विक्टोरिया अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से राजधानी मैक्सिको सिटी जा रही थी।
महिला हॉकी वर्ल्ड कप में भारत ने इटली को 3-0 से हराकर आखिरी-8 में अपनी जगह पक्की की। अब 2 अगस्त रात 12 बजे (भारतीय समयानुसार) के बाद होने वाले चौथे क्वार्टर फाइनल में उसका मुकाबला आयरलैंड से होगा। इस मैच में भारत ने पूल मैच में की गई गलतियों से सबक लिया और शानदार प्रदर्शन किया। भारत की ओर से लालरेमसियामी, नेहा गोयल और वंदना कटारिया ने गोल किए।
लश्कर-ए-तैयबा के सीनियर कमांडर अब्दुल रहमान अल-दाखिल को अमेरिका ने मंगलवार को ग्लोबल आतंकवादी घोषित किया। वह जम्मू में सक्रिय था और 1997 से 2001 के बीच भारत में हुए आतंकवादी हमलों की साजिश में शामिल था। वह काफी समय से अमेरिका में प्रतिबंधित विदेशी आतंकवादी संगठन (एफटीओ) का भी सदस्य था।
मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम करीब 6 बजे कम्यूटर सिस्टम फेल हो गया। इस दौरान मुसाफिरों का सामान हाथ से चेक किया गया। ऐसे में सभी एयरलाइंस की फ्लाइट करीब एक घंटे लेट हो गईं।
आर्मेनिया के अरिंज गांव में एक महिला तोस्या घारीबिन ने अपने पति लेवोन अरकेल्यान से आलू रखने के लिए बेसमेंट में एक कमरा बनाने को कहा। लेवोन ने 23 साल में जमीन के अंदर एक महल तैयार कर दिया। 2008 में लेवोन दुनिया में नहीं रहे लेकिन उनका बनाया महल पर्यटकों को खूब लुभा रहा है।
नई दिल्ली. विशेषज्ञों का कहना है कि यमुना में बाढ़ का पानी बढ़ने से इसके जल की गुणवत्ता में प्रभावी रूप से सुधार हुआ है। इसकी दुर्गंध दूर हो गई है और इस साल अब तक यमुना अपनी सबसे स्वस्थ हालत में है। उन्होंने कहा- जल में गुणवत्ता बढ़ने की मुख्य वजह ऑक्सीजन अवयवों का बढ़ना है, जिसके चलते प्रदूषित चीजें दूर हुईं। देश की प्रमुख नदियों में से एक यमुना उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से गुजरती है और ये इलाहाबाद में गंगा से मिल जाती है।
तेलंगाना के भाजपा विधायक टी राजा सिंह लोध ने मंगलवार को एक विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा, 'अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी प्रवासी और रोहिंग्या मुस्लिम यदि 'शराफत' से अपने देश नहीं लौटते हैं तो उन्हें गोली मार देनी चाहिए।' उनका यह बयान असम में असली भारतीय नागरिकों की पहचान के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में तैयार नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजंस (एनसीआर) के आखिरी ड्राफ्ट में 40 लाख से ज्यादा लोगों के नाम नहीं होने के संदर्भ में आया है।