विधि आयोग ने शादी के लिए लड़कों की न्यूनतम उम्र 21 से घटाकर 18 साल करने का सुझाव दिया है। इसके लिए लड़कियों की उम्र पहले ही 18 साल तय है। आयोग ने कहा कि शादी में उम्र का अंतर दूर होना चाहिए। अगर इस उम्र में उन्हें सरकार चुनने का अधिकार है तो अपने लिए पति या पत्नी के चयन में भी सक्षम माना जाए। यह भी कहा कि शादी के बाद अर्जित की गई संपत्ति में पत्नी भागीदार है। तलाक होने पर उन्हें बराबर हिस्सा मिलना चाहिए।
केंद्र सरकार ने 2019 के लोकसभा चुनावों के मद्देनजर जनगणना 2021 में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आंकड़े जुटाने का फैसला किया है। आजाद भारत में यह पहला मौका होगा जब देश में ओबीसी वर्ग के अलग से आंकड़े जुटाए जाएंगे। इससे पहले 1931 में ओबीसी की जनगणना की गई थी। इसी के आधार पर वीपी सिंह सरकार ने ओबीसी को 27% आरक्षण दिया था।
भारत ने 18वें एशियाई खेलों के 13वें दिन सेलिंग में एक रजत समेत तीन पदक जीते। शुक्रवार को श्वेता शेरवेगर और वर्षा गौतम की जोड़ी ने महिलाओं की 49-ईआर एफएक्स स्पर्धा में देश के लिए रजत पदक जीता। ओपन लेजर 4.7 स्पर्धा में हर्षिता तोमर तीसरे स्थान पर रहीं, उन्हें कांस्य मिला। 49ईआर पुरुष वर्ग में वरुण अशोक ठक्कर और गणपति केलपांडा चेंगप्पा की जोड़ी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। तीनों ही स्पर्धाओं में भारत ने पहली बार पदक जीते हैं। सेलिंग को एशियाई खेलों में 1970 में शामिल किया गया था। हालांकि, उस बार पांच स्पर्धाएं ही हुईं थीं। लेजर 4.7 स्पर्धा 2006 दोहा एशियाड, जबकि 49ईआर पुरुष और महिला वर्ग की स्पर्धाएं इसी साल से शुरू की गईं हैं।
अप्रैल-जून में जीडीपी ग्रोथ 8.2% रही। ये 9 तिमाही यानी 27 महीने में सबसे ज्यादा है। इससे पहले जनवरी-मार्च 2016 में ये 9.2% थी। पिछली तिमाही (जनवरी-मार्च) में ग्रोथ 7.7% रही थी। विकास दर में लगातार चौथी तिमाही में बढ़ी है। भारत की ग्रोथ दुनिया में सबसे तेज बनी हुई है। अप्रैल-जून में चीन की विकास दर 6.7% रही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि देश की पहली बुलेट ट्रेन तय वक्त से एक साल पहले 2022 में ही शुरू हो जाए। दरअसल, इस साल आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाई जाएगी और मोदी इस मौके पर देशवासियों को यह सौगात देना चाहते हैं।
इमरान खान इस्लामाबाद के बानी गाला स्थित अपने घर से प्रधानमंत्री आवास तक आना-जाना हेलिकॉप्टर से ही कर रहे हैं। इस पर विवाद हुआ तो उनके मंत्री फवाद चौधरी ने सफाई में कहा कि हेलिकॉप्टर से सिर्फ 55 रुपए प्रति किलोमीटर खर्च आता है जो सड़क के रास्ते आने-जाने से सस्ता है। उनके इस बयान के बाद लोग सोशल मीडिया पर इमरान का मखौल उड़ा रहे हैं।
देशभर में वामपंथी कार्यकर्ताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई को महाराष्ट्र पुलिस ने सही ठहराया। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि जांच में पता चला कि माओवादी संगठन कानून-व्यवस्था को बिगाड़ना चाहते थे और सरकार गिराने की बड़ी साजिश रचने जा रहे थे। आरोपी उनके मंसूबों को पूरा करने में मदद कर रहे थे। एक आतंकवादी संगठन भी इस साजिश में माओवादियों के साथ शामिल था। पुलिस ने कहा कि हमारे पास पुख्ता सबूत हैं।
भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में पहली पारी में बिना विकेट खोए 19 रन बना लिए हैं। टेस्ट के दूसरे दिन केएल राहुल और शिखर धवन क्रीज पर हैं। इससे पहले सलामी बल्लेबाजों और मध्यक्रम के खराब प्रदर्शन के बावजूद इंग्लैंड ने सैम कुरेन के 78 और मोइन अली के 40 रनों की बदौलत पहली पारी में 246 रन बनाए। भारत की ओर से बुमराह सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने तीन विकेट लिए। इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी और अश्विन ने 2-2 विकेट लिए। इशांत ने कप्तान जो रूट का विकेट लेकर अपने टेस्ट करियर के 250 विकेट पूरे किए। तेज गेंदबाजों में उनसे पहले सिर्फ कपिल देव और जहीर खान ही भारत के लिए यह आंकड़ा छू पाए थे।